सड़क हादसे में आउटलुक के एसोसिएट एडिटर रवींद्र शाह का निधन
भोपाल (डेली हिंदी न्यूज़)। एक सड़क हादसे में आउटलुक के एसोसिएट एडिटर रवींद्र शाह का आज निधन हो गया। वे कार से इंदौर से भोपाल जा रहे थे। लेकिन सीहोर के पास कार पलट गई जिसमें उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
खबर अनुसार आज शाम करीब 4.30 बजे सीहोर जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर आगे जताखेड़ा के पास हाईवे पर इंदौर से भोपाल जा रही कार अचानक पलट गई। इस हादसे में शाह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि श्री शाह मध्यप्रदेश खनिज बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री गोविंद मालू की कार में उनके साथ सवार थे। 
घायलों में श्री मालू और उनकी बेटी सुरभि व ड्राइवर ऋषि शामिल है। ड्राइवर ऋषि के मुताबिक अचानक कार का स्टेरिंग फेल हो गया जिससे कार सड़क पर पलट गई। घायलों को भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्री शाह ने आउटलुक ज्वाइन करने से पहले आज़ाद न्यूज़, एस1 न्यूज़ चैनल, नई दुनिया, दैनिक भास्कर और नवभारत टाइम्स के साथ भी काम किया था। इसके अलावा उन्होंने ‘हरसूद 30 जून’ नाम की किताब का संपादन भी किया।
Category: Bhopal


