देश विदेश में भारत भवन मध्यप्रदेश की पहचान
रंगमंडल भी शुरु होगा : लक्ष्मीकांत शर्मा
भारत भवन वर्षगांठ समारोह प्रारंभ
भोपाल (डेली हिंदी न्यूज़)। भारत भवन के 30वें वर्षगांठ समारोह का आज यहां संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने शुभारंभ किया।
संस्कृति मंत्री ने श्री ज्योति भटट की छायाकृतियों और स्व. श्री राममनोहर सिन्हा की कलाकृतियां एवं मुखौटा प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया। संस्कृति मंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा भारत भवन अपने उदेश्यों में सफल रहा है। देश विदेश में इसका नाम है। भारत भवन मध्यप्रदेश और भोपाल की पहचान है। काफी उतार चढ़ाव आते रहे लेकिन भारत भवन निरन्तर ऊंचाईयों की ओर बढ़ता रहा है। राज्य सरकार ने अधिक बजट देकर वित्तीय सहयोग किया है। कला ग्राम भी बन रहा है।
ट्रस्ट के सदस्यों ने भी वित्तीय सहयोग के लिए योगदान देने का भरोसा दिया है। श्री शर्मा ने कहा कि रंग मंडल को चालू करने के प्रयास जारी है। निश्चय ही सफलता मिलेगी। भारत भवन से जुड़े प्रख्यात रंगकर्मी श्री अलख नन्दन का उल्लेख करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि उनकी कमी अखर रही है। रंगकर्म की उनकी सेवाओं को आगे बढ़ाया जायेगा। भारत भवन को निश्चित ही और ऊंचाईयों पर ले जाया जायेगा।
प्रारंभ में संस्कृति मंत्री ने स्वर्गीय अलखनन्दन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्वाजंलि दी। उन्होंने मुखौटा कृतियों के केटलॉक का विमोचन भी किया। छायाकृतियों, कलाकृतियों और मुखौटा प्रदर्शनी का सस्कृति मंत्री ने अवलोकन किया।
समारोह के पहले दिन प्रख्यात तबला वादक पं. सुरेश तलवलकर द्वारा परिकल्पित एवं निर्देशित वादन, गायन और नृत्य से संयोजित प्रस्तुतियां दी गई। संस्कृति मंत्री ने सभी कलाकारों का पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। भारत भवन का वर्षगांठ समारोह 19 फरवरी तक चलेगा। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव संस्कृति श्री विनोद सेमवाल सहित बड़ी संख्या में भोपाल के रसिक श्रोता उपस्थित थे।
वर्षगांठ समारोह के दूसरे 14 फरवरी को सिरेमिक कला का दोपहर 12 बजे शुभारंभ किया जायेगा। शाम 7 बजे मूर्धन्य संगीतकार उस्ताद अमजद अली खॉ के सुपुत्र और सुयोग शिष्य श्री अमान अली और श्री अयान अली की सरोद जुगलबंदी होगी।
Category: Bhopal


