औबेदुल्लागंज अंत्योदय मेला : CM ने 23 करोड़ की सौगातें दीं

| February 14, 2012 | 0 Comments

cm-mela

भोपाल (डेली हिंदी न्‍यूज़)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में आयोजित अंत्योदय मेले में लगभग 23 करोड़ रूपये की सौगातें दी तथा क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

इस मौके पर लोक सभा में विपक्ष की नेता श्रीमती सुषमा स्वराज, पूर्व मुख्यमंत्री श्री सुन्दरलाल पटवा, म.प्र.हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामपाल सिंह, कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामकिशन चौहान और अनेक जन-प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

श्री चौहान ने अंत्योदय मेले में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को 19 करोड़ 17 लाख रूपये की राशि के चैक वितरित कर 13 हजार 88 तेंदूपत्ता संग्राहकों को एक करोड़ 14 लाख रूपये के बोनस का वितरण किया। उन्होंने दो करोड़ 17 लाख रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला रखी और पंच परमेश्वर योजना के तहत सरपंचों को सी.सी.रोड निर्माण के लिए स्वीकृति-पत्र वितरित किए। श्री चौहान ने बाड़ी में कृषि उपज मण्डी की स्थापना, औबेदुल्लागंज हास्पिटल को अपग्रेड करने, सलकनिया से मण्डीदीप रोड और दीवटिया रोड के निर्माण की घोषणाएं भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मुख्यमंत्री का मतलब सर्वेसर्वा होना नहीं बल्कि जनता का पहला सेवक होना होता है और इसी भावना से वे जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने छात्र और मछुआ पंचायत का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने समाज के हर तबके की ओर ध्यान दिया है और उनकी तकलीफों को सुन-समझकर उन्हें दूर करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए हैं।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती सुषमा स्वराज ने कहा कि अंत्योदय मेलों में जहाँ आत्म-संतोष का भाव उपजता है वहीं जन-कल्याण के और ज्यादा काम करने की प्रेरणा भी मिलती है । उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जन-कल्याणकारी कार्यों को समर्थन देते हुए कहा कि यहाँ सरकार ने ऐसे कार्यों को अंजाम दिया है, जिनसे विकास की गति तेज हुई है वहीं समाज में भी बदलाव की स्थिति निर्मित हुई है। श्रीमती स्वराज ने कहा कि पंच-परमेश्वर योजना में पंच-सरपंच कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करें।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री सुन्दरलाल पटवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान की अगुवाई में प्रदेश ने अभूतपूर्व विकास किया है। विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि सरकार ने आम आदमी के हित में अनेक योजनाएँ संचालित की हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों की माँगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, जिन्हें मान लिया गया।

Share

Tags: , , ,

Category: CM

Leave a Reply