पंचायत सचिवों की तबादला नीति शीघ्र
भोपाल (एमपी न्यूज़लाइन). पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा सामाजिक न्याय मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि पंचायत सचिवों का जिला संवर्ग बनाने के बाद अब शीघ्र ही उनके लिये तबादला नीति लागू की जा रही है। श्री भार्गव पंचायत सचिव महासंघ के प्रांतीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।
श्री भार्गव ने कहा कि पंचायत सचिवों के प्रति सरकार का रवैया सदैव सकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि जिला संवर्ग बनाने से पंचायत सचिवों की कार्य-प्रक्रिया में जहाँ सुधार आयेगा वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों की अलग से एक तबादला नीति तैयार की गई है, जो जल्द से जल्द लागू की जा रही है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि पंचायत सचिवों के ऊपर आज ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की अहम जिम्मेदारी है। उनके ऊपर काम का बोझ बढ़ा है, लेकिन अल्प-समय में उनकी सुविधाओं को जहाँ बढ़ाया गया है, वहीं उनके काम करने के वातावरण में भी सुधार किया गया है। आज पंचायत सचिवों को लगभग 6 हजार रुपये प्राप्त हो रहे हैं।
श्री भार्गव ने कहा कि पेंशन, स्पर्श-अभियान, मनरेगा सहित अनेक ऐसी योजनाएँ हैं, जिनके अमल में पंचायत सचिवों की अहम भूमिका है। पंचायत सचिवों को चाहिये कि वे अपने कर्त्तव्यों के निर्वहन में कोई कोताही न करें, सरकार उन्हें सदैव संरक्षण प्रदान करेगी।
प्रारंभ में पंचायत सचिव महासंघ के संरक्षक श्री आर.के. शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन दिया। प्रांताध्यक्ष श्री अशोक बोहरे ने पंचायत सचिवों की माँगों के संबंध में ज्ञापन प्रस्तुत किया।
Category: Ministers



thanks sir your advies is must like.
grameen anchal me vikash hone ke chanse aur jyada bad jayega
gramino ko sari sahi suvidhaye prapt hogi