सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश

| September 8, 2010 | 1 Comment

भोपाल (डेली हिंदी न्‍यूज़)। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला कलेक्टरों को कानून व्यवस्था की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने के लिये सभी प्रकार के ऐहतियाती इंतजाम करने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने सभी वर्गों और जन-प्रतिनिधियों से सतत संवाद रखने और शांति समितियों की बैठकें नियमित आयोजित करने को कहा। श्री चौहान यहां मंत्रालय में वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम में कलेक्टरों से चर्चा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के अंतर्गत नौ शासकीय विभागों की 25 सेवाएं चिन्हित कर ली गई हैं। उन्होंने इस अधिनियम के क्रियान्वयन की तैयारियां करने के भी निर्देश कलेक्टरों को दिये। उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिये सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें और संसाधनों और दवाइयों की आवश्यकता के संबंध में राज्य शासन को तत्काल अवगत करवाये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम में आज 17 आवेदकों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करते हुए दो दोषी कर्मचारियों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दायर करने के निर्देश दिये।

टीकमगढ़ जिले के खुड़ी नजदीक गांव के श्री जगतराम नायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें ओलावृष्टि राहत की राशि नहीं मिली है। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को संबंधित प्रभारी तहसीलदार रोहित वर्मा की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ एफ.आई.आर. दायर करने के निर्देश दिये। श्री चौहान ने प्रकरण में अतिरिक्त कलेक्टर से समग्र जांच करवाने को भी कहा।

श्री चौहान ने पन्ना जिले की श्रीमती जसोदा द्वारा अपने मकान और अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पर प्रकरण की जांच संभाग आयुक्त द्वारा करने के निर्देश दिये।

विदिशा के श्री जाधव सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिजली कनेक्शन कटवाने के बाद भी लगातार बिजली बिल मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सचिव ऊर्जा को प्रबंधन व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिये। उन्होंने कलेक्टर विदिशा को दोषी इंजीनियर्स के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने अनूपपुर जिले के श्री अभिषेक सिंह, छतरपुर के श्री हरीराम दुबे, रायसेन के श्री कुलदीप मेहरा और सागर की श्रीमती सुधारानी नायक की शिकायतों का भी निराकरण कर संबंधित जिला कलेक्टरों को तत्संबंधी निर्देश दिये।

कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री के.एल. अग्रवाल, अपर मुख्य सचिव ग्रामीण विकास श्री आर. परशुराम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, स्वास्थ्य सचिव श्री एस.आर. मोहंती एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share

Tags: , ,

Category: CM

Comments (1)

Trackback URL | Comments RSS Feed

  1. sagar ke gow sewa sangh ko saraswati shishu mandir ke anaitik atikraman se nyay dilane me aksham mukhyamantri

Leave a Reply